बकरीद को लेकर बिहार में हाई अलर्ट, मुख्य सचिव ने दिए सतर्कता के निर्देश

बकरीद को लेकर बिहार में हाई अलर्ट, मुख्य सचिव ने दिए सतर्कता के निर्देश
रामकुमार पासवान 
औरंगाबाद, आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बिहार सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई, जिसमें पर्व की तैयारी, विधि-व्यवस्था संधारण तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में राज्य के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ सभी जिलों के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
औरंगाबाद जिले से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक राहुल अंबरीष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। बैठक में बकरीद पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा अफवाहों पर नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया। बैठक में यह भी कहा गया कि पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही नगर निकायों को साफ-सफाई एवं पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक तैयारियां समयपूर्व पूरी कर ली जाएं। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बकरीद पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।



