# नवीनगर प्रखंड प्रमुख का चुनाव 6 नवंबर को, तैयारी ते
**औरंगाबाद | रामकुमार पासवान**भारत लाइव 24 प्रधान संपादक

औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड प्रमुख पद के लिए आगामी **6 नवंबर को चुनाव कराया जाएगा।** सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कराने का निर्देश जारी किया है।
चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) मो. सादुल हसन खां को प्रेक्षक तथा औरंगाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बिहार पंचायत राज अधिनियम एवं पंचायत निर्वाचन नियमावली के प्रावधानों के तहत चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पंचायत समिति के सभी निर्वाचित सदस्यों को विशेष बैठक की सूचना प्रपत्र-24 के माध्यम से दी जाएगी। इसके लिए **29 अक्टूबर तक सदस्यों को सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश** है।
चुनाव की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और समय का भी संधारण किया जाएगा। चुनाव संपन्न होने के बाद उसी दिन निर्वाचित प्रखंड प्रमुख को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद निर्वाचन संबंधी प्रतिवेदन आयोग एवं संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों की तैनाती की जाएगी। साथ ही दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।
**अब नवीनगर प्रखंड प्रमुख के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने की उम्मीद है।**


