हुसैनाबाद में यात्री शेड तोड़कर दुकान निर्माण का विरोध, चेयरमैन ने उठाई आवाज

हुसैनाबाद में यात्री शेड तोड़कर दुकान निर्माण का विरोध, चेयरमैन ने उठाई आवाज
उपायुक्त को पत्र लिखकर निविदा रद्द करने की मांग
हुसैनाबाद, पलामू: नगर पंचायत क्षेत्र के सबसे व्यस्त एवं प्रमुख स्थल जयप्रकाश चौक स्थित पुराने यात्री शेड को तोड़कर पीपीपी मॉडल के तहत दुकान निर्माण कराए जाने की योजना का विरोध तेज हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष माननीय अजय कुमार भारती जी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पलामू उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को पत्र लिखकर निविदा तत्काल रद्द करने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा है कि जिला परिषद कार्यालय पलामू द्वारा हुसैनाबाद के जेपी चौक स्थित पुराने यात्री शेड को तोड़कर दुकान निर्माण के लिए निविदा निकाली गई है, जिसकी जानकारी उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से मिली। उन्होंने इसे आम जनता के हितों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि यह स्थल शहर का हृदयस्थल है, जहां प्रतिदिन हजारों ग्रामीण एवं शहरी यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए वाहनों का इंतजार करते हैं।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, तेज धूप और बारिश के दौरान यह यात्री शेड राहगीरों और यात्रियों के लिए राहत का प्रमुख केंद्र बना रहता है। प्रतिदिन सैकड़ों मुसाफिर यहां बैठकर विश्रा
म करते हैं। ऐसे में जनसुविधा के लिए बने यात्री शेड को तोड़कर व्यावसायिक दुकान निर्माण कराना पूरी तरह जनभावनाओं के विपरीत है।
अध्यक्ष ने यह भी उल्लेख किया कि उक्त यात्री शेड का निर्माण पूर्व सांसद द्वारा कराया गया था और यह पूर्व में भी कई बार विवादों का विषय रह चुका है। उन्होंने उपायुक्त से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निविदा रद्द करने तथा यात्री शेड को सुरक्षित रखने की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जनता की सुविधा और यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।




