टंडवा बाजार में बैंक के पास सड़क पर बह रही गंदी नाली की पानी,स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए बनी मुसीबत
औरंगाबाद (नबीनगर): नबीनगर प्रखंड की टंडवा पंचायत अंतर्गत टंडवा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह बदहाल दिखाई दे रही है। नाली का गंदा पानी लगातार मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि सड़क के समीप ही एक सरकारी विद्यालय स्थित है। विद्यालय आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को प्रतिदिन इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे बच्चों को असुविधा होने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। वहीं, सड़क किनारे कूड़े का ढेर भी लगा हुआ है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। बरसात के मौसम में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों और दुकानदारों ने संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों एवं प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि नाली की तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा सड़क किनारे पड़े कूड़े का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से न्यूज़ के माध्यम भी मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र को स्वच्छ बनाया जा सके और स्कूली बच्चों सहित आम लोगों को राहत मिल सके।



