
औरंगाबाद की बेटी ने किया कमाल, घूरा सागर की अंशु ने NEET UG 2026 में लाए 569 अंक, हासिल की 24 हजार रैंक।
औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत घूरा सागर गांव की होनहार छात्रा अंशु कुमारी ने NEET UG 2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का मान बढ़ाया है।
अंशु ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में 720 में से 569 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 24,259 हासिल की है। इस सफलता से पूरे परिवार सहित गांव-प्रखंड में खुशी का माहौल है।
*शिक्षक परिवार से आती हैं अंशु*
अंशु शैक्षणिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वे सेवानिवृत्त शिक्षक सुदर्शन प्रसाद सिंह की पोती और मध्य विद्यालय मेहिया के शिक्षक आनंद कुमार सिंह की सुपुत्री हैं। पारिवारिक और शैक्षणिक माहौल मिलने के कारण अंशु ने शुरू से ही डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय कर लिया था।
अंशु के दो भाई अंकित कुमार और संचित कुमार हैं। बेटी की सफलता पर पिता आनंद कुमार सिंह ने कहा कि अंशु बचपन से ही मेहनती और लगनशील रही है।
*मैट्रिक में 92% और इंटर में 80% अंक*
अंशु ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, नवीनगर से प्राप्त की। वहां उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। इसके बाद उन्होंने अनुग्रह नारायण स्मारक महाविद्यालय, नवीनगर से इंटरमीडिएट की परीक्षा 80 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की।
लगातार मेहनत और नियमित पढ़ाई के दम पर अंशु ने पहले ही प्रयास में NEET में यह सफलता हासिल की है।
ग्रामीणों ने कहा कि घूरा सागर जैसी छोटे गांव की बेटी का मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगा। अंशु अब काउंसलिंग के जरिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेकर MBBS की पढ़ाई करना चाहती हैं




