ओवरलोड हाईवा वाहनों से तेतरिया मोड़ पुल के दोनों ओर बने खतरनाक गड्ढे, दुर्घटना की आशंका बढ़ी
ओवरलोड हाईवा वाहनों से तेतरिया मोड़ पुल के दोनों ओर बने खतरनाक गड्ढे, दुर्घटना की आशंका बढ़
नवीनगर (औरंगाबाद): तेतरिया मोड़ स्थित पुल के दोनों ओर सड़क पर बड़े-बड़े और खतरनाक गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से लगातार ओवरलोड हाईवा वाहनों का आवागमन होने के कारण सड़क और पुल के एप्रोच की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गड्ढे इतने गहरे हो चुके हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और ओवरलोड वाहनों पर रोक नहीं लगाई गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि तेतरिया मोड़ पुल के दोनों ओर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।




