नवीनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर ग्रामसभा की तैयारी, 26 और 27 सितंबर को होगी बैठक
खजुरी पाण्डु पंचायत मे 26सितम्बर को ग्राम सभा
📰 नवीनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर ग्रामसभा की तैयारी, 26 और 27 सितंबर को होगी बैठक
नवीनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस-2024 की System Generated कोटिवार प्रारूप प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन को लेकर नवीनगर प्रखंड में ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश जारी किया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी, नवीनगर के कार्यालय आदेश के अनुसार प्रखंड की 25 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन/सामुदायिक भवन में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार पहली सूची में शामिल पंचायतों में 26 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे ग्रामसभा होगी, जबकि दूसरी सूची में शामिल पंचायतों में 27 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे ग्रामसभा आयोजित की जाएगी।
ग्रामसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रारूप प्रतीक्षा सूची पर विचार कर पात्र लाभुकों की सूची का अनुमोदन किया जाएगा। आदेश में पंचायत सचिवों को ग्रामसभा के दौरान नोडल पदाधिकारी के रूप में उपस्थित रहने तथा ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक को ग्रामसभा की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
आदेश के मुताबिक ग्रामसभा से अनुमोदन के बाद ग्रामीण आवास सहायक द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, मुखिया, पंचायत सचिव एवं ग्रामीणों के हस्ताक्षर/मुहर के साथ अनुमोदित सूची को 30 सितंबर 2026 तक प्रखंड कार्यालय में जमा करना होगा।
📌 इन परिवारों को पात्रता से बाहर रखा गया है
आदेश में बताया गया है कि निर्धारित मानकों के अनुसार पक्की छत या पक्की दीवार वाले मकान में रहने वाले परिवार, दो या दो से अधिक कमरों वाले मकान में रहने वाले परिवार, मोटरयुक्त तिपहिया/चौपहिया वाहन वाले परिवार, मशीनयुक्त कृषि उपकरण वाले परिवार सहित अन्य निर्धारित श्रेणियों के परिवार पात्रता से बाहर होंगे।
साथ ही सरकारी कर्मचारी वाले परिवार, आयकर देने वाले परिवार, व्यवसाय कर देने वाले परिवार तथा निर्धारित सीमा से अधिक भूमि रखने वाले परिवारों को भी सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
प्रखंड प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, ग्रामीण आवास सहायक एवं अन्य कर्मियों को ग्रामसभा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है।


