
औरंगाबाद में 6 अगस्त को लगेगा विशेष सोलर मेला मेगा कैंप, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की मिलेगी पूरी जानकारी
प्रधान संपादक रामकुमार पासवान
औरंगाबाद, 5 अगस्त। जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक विद्युत उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 6 अगस्त 2026 को नगर भवन, समाहरणालय परिसर, औरंगाबाद में विशेष सोलर मेला मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा।
मेगा कैंप में आम नागरिकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऑन-द-स्पॉट आवेदन की सुविधा, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों द्वारा ऋण संबंधी मार्गदर्शन तथा सोलर संयंत्र स्थापना से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा बिजली बिल में बचत और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लाभों से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।
योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा 1 किलोवाट तक ₹30,000, 2 किलोवाट तक ₹60,000 तथा 3 किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है।
जिला प्रशासन के अनुसार 1 किलोवाट का सोलर संयंत्र प्रतिमाह लगभग 125 यूनिट बिजली उत्पादन करने में सक्षम है। इसके लिए केवल 80 से 240 वर्ग फीट छत की आवश्यकता होती है। सोलर संयंत्र की स्थापना पर होने वाला खर्च लगभग 5 से 7 वर्षों में वसूल हो जाता है, जबकि इसकी उपयोगिता लगभग 25 वर्षों तक बनी रहती है। योजना के अंतर्गत राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने सभी घरेलू एवं वाणिज्यिक बिजली उपभोक्ताओं, गृहस्वामियों, व्यवसायियों एवं संस्थानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेगा कैंप में भाग लेकर प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएँ तथा अपने घर की छत को बिजली उत्पादन का माध्यम बनाकर स्वच्छ, हरित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।




