ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करते चार युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, पुलिस के हवाले
ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करते चार युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, पुलिस के हवाले
ओबरा (औरंगाबाद), 23 जून 2026। औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड अंतर्गत मखरा गांव में मंगलवार को ग्रामीणों की सतर्कता से ट्रांसफार्मर चोरी की एक बड़ी घटना को समय रहते रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार गांव के शिव मंदिर के पास कृषि कार्यों के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर से चार युवक दिनदहाड़े सामान निकाल रहे थे।
बताया जाता है कि मखरा निवासी नीरज शर्मा अपने ड्राइवर को खेत में खाना पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर ट्रांसफार्मर के पास संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और चारों युवकों को घेरकर पकड़ लिया।ग्रामीणों द्वारा पूछताछ के दौरान पता चला कि पकड़े गए सभी युवक पचरुखिया क्षेत्र के धूसरी गांव के निवासी हैं। ग्रामीणों ने उनके पास से ट्रांसफार्मर से निकाला गया बिजली संबंधी सामान बरामद किया। साथ ही घटनास्थल से एक 125 सीसी पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए चारों आरोपितों को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा बरामद सामान और मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरों को नहीं पकड़ा जाता तो कृषि कार्यों के लिए उपयोग होने वाली विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मौके पर मौजूद प्रमुख ग्रामीणों में नीरज शर्मा, डब्लू शर्मा, नवनीत शर्मा, भीम आर्मी ओबरा प्रखंड अध्यक्ष राहुल राज, सूर्य प्रकाश, पिंटू मेहता, सचिन कुमार, अमित कुमार, अमरेश शर्मा, मुकेश शर्मा एवं आकाश शर्मा सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों की तत्परता और एकजुटता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




